लट्ठमार होली लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
लट्ठमार होली लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 19 मार्च 2011

फाग खेल रहे श्रीराधामुकुंद परस्पर बरसावे रंग


सखी मोहनकुंज में छाई रह्यो आज अति उमंग
फाग खेल रहे श्रीराधामुकुंद परस्पर बरसावे रंग
(सखी मोहन्कुंज में आज बहुत उमंग छा रहा है,
जहाँ श्रीराधामुकुंद बिरारी एक दूसरे पर रंग बरसा कर फाग खेल रहे हैं.)


अगरज
कुमकुम भरी परस्पर हुमक छिड्कावे री
घोल के केसर,पलास,टेसुला भर पिचकारी मारे री
(ये दोनों हुमक हुमक कर एक दूसरे पर अगर कुमकुम छिडका रहें है,
केसर पलासऔर टेसू के फूल पानी में घोल कर पिचकारी में भरकर छोड़ रहें है)


रंग
ही रंग छाय रह्यो दसो दिशा ना कुछ सूझे री
सब कोउ एक ही तरंग भरे गावे हो हो हो होरी री
(चारो दिशाओ में रंग ही रंग छा रहा है, और कुछ दिखाई नहीं दे रहा है,
सभी होली के उल्लास में भरे है और हो हो कर होरी गा रहे है)


घेर
लई सखियन गोपालजी कूँ लै लै हेम दंड री
किशोरीजी सब सखियन संग ले लट्ठ बरसावे री
(सखियों ने अपने हाथों में सोने के लट्ठ लेकर श्रीकृष्ण को चारो ओर से घेर लिया
और किशोरी श्रीराधिकाजी सब सखियों के साथ मिलकर उनपर लट्ठ बरसाने लगीं)


खिसयाय
के हाथन की ढाल बनावे ना छूट परे री
मुख सो कहे हा होरी देखो भली बनी गति हमारी
(भागने का मौक़ा ना मिलने पर से बचने के लिए प्यारे ने अपने हाथ सिर पर ढाल की तरह कर लिए
और खिसियाकर कहने लगे यह कैसी होली आई है जिसने मेरी यह गति बना दी )


सुनी
कै मुस्काई लाडलीजी कहो प्यारे कैसी रही होरी
श्रीराधामुकुंद परस्पर मिली अमित आनंद उपजावे री
(उनकी यह बात सुनकर लाडली श्रीराधिकाजी मुस्कुराने लगी ओर छेड़ते हुए कहा की कहो प्यारे होली खेलना कैसा रहा।
इस तरह श्रीराधामुकुंद आपस में मिलकर भक्तों के ह्रदय में कभी ना मिटने वाला आनंद उपजातें है )


*********************************************************************


यह हमारे ठाकुरजी "श्रीराधामुकुंदबिहारी लालजी" है, जो हमारे घर "मोहन-कुञ्ज" में विराजमान है और यह चित्र पिछली होली का है, जब इन्हें बरसाने की लट्ठमार होली की भावना से सजाकर विराजित किया था। बीच में श्रीगोपालजी ढाल लेकर खड़े हैं, दाहिनी ओर किशोरीजी श्रीराधिकाजी हैं और बायीं ओर सखियाँ है जो साँवरे पर लट्ठ बरसा रही है, ओर वे ढाल से अपना बचाव कर रहे हैं, इसी भाव झांकी को शब्दों में ढालने का प्रयास किया है।
*************************************************************************

आप सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएंठाकुरजी श्रीराधामुकुंदबिहारी आप सभी के जीवन में अपनी कृपा का रंग हमेशा बरसाते रहें